नौतपा गुजरा, गंगा दशहरा भी, सूरज की गर्मी में कोई नरमी नहीं।

नौतपा गुजरा, गंगा दशहरा भी, सूरज की गर्मी में कोई नरमी नहीं।
June 17, 2024 at 7:04 am

उत्तर भारत: नौतपा गुजरा, गंगा दशहरा भी, सूरज की गर्मी में कोई नरमी नहीं। पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। सूरज का आग उगलना जारी है। और सबसे बुरी खबर ये है कि फिलहाल इस गर्मी से जनता को राहत मिलने की कोई संभावना भी नहीं नजर आ रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 20 जून तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में लू चलेगी। वहीं 19 जून तक हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और जम्मू के कुछ हिस्सों में हीटवेव का सितम जारी रहने के आसार हैं। उत्तरप्रदेश के 8 शहरों का तापमान अभी भी 47 डिग्री से ऊपर चल रहा है। जिसमें सबसे ज्यादा तापमान 47.8 डिग्री प्रयागराज का रहा जो की पूरे देश में किसी भी जगह के तापमान में सबसे ज्यादा है।

इसके अलावा पूर्वी भारत की बात करें तो असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उप-हिमालय पश्चिम बंगाल में 18 जून तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 19 जून तक दिल्ली में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 20 जून से दिल्ली का मौसम बदल सकता है और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और न्यूनतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।