बहराइच सांप्रदायिक हिंसा

बहराइच सांप्रदायिक हिंसा
October 14, 2024 at 10:42 am

उत्तर प्रदेश – बहराइच सांप्रदायिक हिंसा: दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान हुई हिंसा में एक युवक की मौत, मुख्य आरोपी समेत कई लोगों पर एफआईआर, प्रशासन के हाथ पांव फूले। बहराइच की सांप्रदायिक हिंसा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद बहराइच के कई हिस्सों में हिंसा हुई। इस बीच देर रात मुख्य आरोपी सलमान समेत दस लोगों पर एफआईआर किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 20 से 25 लोगों के हिरासत में लिया गया है। उधर दूसरी ओर पूजा कमेटी देर रात तक इस बात पर अड़ी रहीं कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो। आरोपियों को फांसी देने के नारे देर रात सड़कों पर गूंजते रहे।

महराजगंज की घटना के विरोध में पूरे बहराइच जिले में बवाल बढ़ गया। देर रात तक प्रदर्शन और जगह-जगह आगजनी होती रही। इस बीच पुलिस व प्रशासन हाथ पे हाथ धरे नजर आया। प्रशासन की लापरवाही के मद्देनजर डीजीपी ने सख्त रवैया अपनाते हुए देर रात हरदी थाना प्रभारी और महसी चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद अधिकारी भी सकते में नजर आए। गायघाट पर भी रविवार देर रात पूजा समितियों ने प्रतिमाओं का विसर्जन रोक दिया। डीएम-एसपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। अस्पताल चौराहे पर लगे बैनर गिराकर आग के हवाले कर दिया।

यहां तक आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को भी भीड़ ने नहीं बख्शा और उन पर भी जमकर पथराव किया। कर्मचारी किसी तरह वहां से भागे। पुलिस ने लाठी भांजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। देर रात मौके पर डीएम मोनिका रानी भी पहुंचीं। उन्हें देख लोगों ने फिर पुलिस व प्रशासन के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए लोगों ने देर रात करीब 11:30 बजे नानपारा-लखीमपुर हाईवे भी जाम कर दिया। इस बीच डीएम-एसपी के खिलाफ नारेबाजी के साथ साथ सीएम योगी जिंदाबाद के नारे भी लगे। गुस्साए लोग लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर लगातार कार्रवाई की मांग करते रहे।

दरअसल, बहराइच जिले के महसी तहसील के महराजगंज कस्बे में रविवार की शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे पर बज रहे गाने को लेकर विवाद हो गया। गाने के विरोध में दूसरे समुदाय के युवकों ने गाली-गलौज की और छत से पत्थरबाजी कर दी। बताया जाता है कि पत्थर चलने से मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित हो गई। जिस कारण दूसरे समुदाय ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि प्रदर्शन दौरान दूसरे समुदाय के लोग एक युवक को घर के अंदर पकड़ ले गए और गोली मार दी। जिससे रेहुवा मंसूर निवासी रामगोपाल मिश्रा(24) की मौत हो गई। वहीं उसे बचाने पहुंचा राजन(28) भी गंभीर रुप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आईं। गोलीबाजी होने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। घटना की स्थिति को काबू में करने के लिए मौके पर कई थानों की पुलिस व पीएसी को तैनात किया गया है। एसपी वृंदा शुक्ला समेत अन्य आला अधिकारी महराजगंज में कैंप कर रहे हैं।